Singrauli News: अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ निलंबित पटवारी, ASI और आरक्षक सस्पेंड
सिंगरौली में शासकीय भूमि से जुड़े मामले में गिरफ्तार निलंबित पटवारी राजेश नामदेव शुक्रवार तड़के जिला अस्पताल बैढ़न से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में SP ने ASI और आरक्षक को निलंबित कर दिया है।

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शासकीय भूमि से जुड़े कथित धोखाधड़ी और कूटरचना के मामले में गिरफ्तार निलंबित पटवारी राजेश नामदेव पुलिस को चकमा देकर जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न से फरार हो गया। घटना शुक्रवार तड़के की बताई जा रही है। आरोपी की तलाश में कोतवाली और मोरवा पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हैं।
मामले में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सियाज केएम ने ड्यूटी में तैनात एएसआई और आरक्षक को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। फरार आरोपी के खिलाफ भी कोतवाली बैढ़न में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शासकीय जमीन में हेराफेरी का है मामला
पुलिस के अनुसार, मोरवा थाना क्षेत्र के कतरिहार गांव स्थित शासकीय भूमि आराजी खसरा नंबर 356 में कथित तौर पर हेराफेरी और कूटरचना की गई थी। जांच में खसरा नंबर 356/4, रकबा 4.470 हेक्टेयर भूमि को गोन्ही बेवा बैजनाथ भूर्तिया, निवासी कतरिहार के नाम कथित तौर पर फर्जी तरीके से भूमिस्वामी दर्ज किए जाने की बात सामने आई थी।
जांच के बाद वर्ष 2015 में मोरवा थाने में राजेश नामदेव के खिलाफ तत्कालीन भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) और 13(2) भी जोड़ी गई थी।
अग्रिम जमानत याचिका भी हुई थी खारिज
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी ने अदालत का रुख किया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, निचली अदालत से उसे प्रारंभिक राहत मिली थी, जबकि उच्च न्यायालय में दायर अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो गई थी।
बताया जा रहा है कि करीब दो महीने से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी की टीम ने गुरुवार को राजेश नामदेव को गिरफ्तार किया था।
कोर्ट में पेशी से पहले अस्पताल से फरार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाना था। इससे पहले मेडिकल परीक्षण के लिए उसे जिला चिकित्सालय बैढ़न ले जाया गया। अस्पताल में रहने के दौरान उसने कथित तौर पर तबीयत खराब होने की बात कही और रात में वहीं भर्ती रहा।
शुक्रवार तड़के शौचालय जाने के दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। अभी तक उसके संबंध में कोई ठोस सुराग मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।
ड्यूटी पर तैनात ASI और आरक्षक सस्पेंड
राजेश नामदेव को न्यायालय में पेश करने के लिए मोरवा थाने से ASI गुलाब प्रसाद बहरोलिया और आरक्षक श्याम सुंदर सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी। दोनों पुलिसकर्मी आरोपी को जिला न्यायालय बैढ़न लेकर पहुंचे थे।
अस्पताल में इलाज के दौरान भी दोनों पुलिसकर्मी उसकी निगरानी की ड्यूटी पर थे। इसी दौरान आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की। एसपी सियाज केएम ने ASI और आरक्षक को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है।
फरार आरोपी पर नया केस दर्ज
आरोपी के अस्पताल से फरार होने के मामले में कोतवाली बैढ़न पुलिस ने उसके खिलाफ BNS की धारा 262 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब पुराने मामले के साथ-साथ फरारी के मामले में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।
क्या बोले सिंगरौली एसपी?
सिंगरौली एसपी सियाज केएम के मुताबिक, पुलिस एक आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए लाई थी। आरोपी शुक्रवार सुबह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही के मामले में संबंधित ASI और आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

